
370 रुपये की बिरयानी’ वाले विवादित बयान के बाद चर्चा में आए हिमांशु जांगड़ा को उसकी कंपनी ने नौकरी से निकाल दिया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोगों का भारी विरोध देखने को मिला, जिसके चलते कंपनी को यह फैसला लेना पड़ा।
हिमांशु की पूर्व कंपनी स्टारविक डिजाइन के फाउंडर विवेक विश्वकर्मा ने बताया कि 22 वर्षीय हिमांशु ऑफिस में हमेशा प्रोफेशनल और मेहनती कर्मचारी रहा है। उनके अनुसार, उसके खिलाफ कभी कोई शिकायत नहीं मिली और महिला सहकर्मियों ने भी उसके व्यवहार को अच्छा बताया।
विवेक ने कहा कि वीडियो वायरल होने के बाद कंपनी के सोशल मीडिया अकाउंट्स और ईमेल पर बड़ी संख्या में आपत्तिजनक कमेंट्स और धमकियां आने लगीं। इतना ही नहीं, कुछ बड़े क्लाइंट्स ने भी कंपनी से दूरी बना ली। इसी वजह से कंपनी को उसे हटाने का फैसला लेना पड़ा।
उन्होंने बताया कि हिमांशु हरियाणा के एक छोटे कस्बे से आता है और स्टैंडअप शो के माहौल में बहकर उसने विवादित टिप्पणी कर दी। उसे अंदाजा नहीं था कि उसका बयान इतना बड़ा विवाद बन जाएगा।
विवेक के मुताबिक, नौकरी जाने के बाद हिमांशु अपने घर लौट गया है और लगातार मिल रही धमकियों के कारण काफी परेशान है। उन्होंने कहा कि हिमांशु को अपने बयान पर गहरा पछतावा है और वह अपनी गलती को लेकर शर्मिंदा महसूस कर रहा है।
