
कॉमेडियन प्रणित मोरे, जो रियलिटी शो ‘बिग बॉस 19’ का हिस्सा रह चुके हैं, एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। अभी हाल ही में उनका ‘370 रुपये की बिरयानी’ वाला मामला सोशल मीडिया पर चर्चा में था, जो पूरी तरह शांत भी नहीं हुआ था कि अब उनके एक और शो का वीडियो वायरल हो गया है।
इस नए वायरल वीडियो में एक यंग लेडी डॉक्टर नजर आती हैं, जो मेडिकल कॉलेज और मेडिकल रूम से जुड़े अपने अनुभव साझा कर रही हैं। बातचीत के दौरान वह बताती हैं कि जब मेडिकल स्टूडेंट्स डेड बॉडी का डिसेक्शन करते हैं तो उस दौरान अलग-अलग ऑर्गन्स जैसे एब्डोमन, स्कल और रिप्रोडक्टिव ऑर्गन को लेकर चर्चा होती है। इसी दौरान कभी-कभी कुछ छात्र इन विषयों पर हल्के-फुल्के मजाक भी कर देते हैं ,जैसे साइज वगैरह।
यह सुनकर प्रणित मोरे हैरानी जताते हुए पूछते हैं कि क्या वाकई मेडिकल रूम में इस तरह की बातें होती हैं। वह आगे कहते हैं कि जिस व्यक्ति ने शरीर दान किया है, उसके प्रति सम्मान होना चाहिए और ऐसी बातें सुनकर लोग बॉडी डोनेट करने से पहले कई बार सोच सकते हैं।
सोशल मीडिया पर बढ़ा विवाद
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर एक बार फिर बहस छिड़ गई है। कई यूजर्स ने इस बातचीत को मृत शरीर और डोनर के प्रति असम्मानजनक बताया है। लोगों का कहना है कि मेडिकल प्रोफेशन में इस तरह की भाषा और मजाक सही नहीं है।
वहीं कुछ यूजर्स ने इस मुद्दे पर दोहरे रवैये की बात उठाई है। उनका कहना है कि अगर यही बयान किसी और व्यक्ति द्वारा दिया गया होता तो शायद इतना विवाद नहीं बढ़ता।
कई लोगों ने शो के कंटेंट और वीडियो क्लिप्स के वायरल होने के तरीके पर भी सवाल खड़े किए हैं। उनका आरोप है कि शो के दौरान की गई ऐसी बातचीत को जानबूझकर क्लिप्स के रूप में वायरल किया जाता है, जिससे विवाद और चर्चा दोनों बढ़ते हैं।
पहले भी विवादों में रह चुके हैं प्रणित मोरे
गौरतलब है कि इससे पहले ‘370 रुपये की बिरयानी’ वाले बयान को लेकर भी प्रणित मोरे काफी सुर्खियों में आए थे। उस मामले को लेकर भी सोशल मीडिया पर जमकर बहस हुई थी और लोगों ने उनके कॉमेडी कंटेंट पर सवाल उठाए थे।
इसी बीच यह भी सामने आया है कि विवाद बढ़ने के बाद प्रणित मोरे का इंस्टाग्राम अकाउंट फिलहाल उपलब्ध नहीं है। हालांकि इस पूरे मामले पर उनकी ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
