

Surajpur Nehru Park Murder: सूरजपुर। जिले के नेहरू पार्क में रविवार रात एक प्रेम संबंध का विवाद दर्दनाक हत्या में बदल गया। युवक ने कथित तौर पर अपनी प्रेमिका पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। अस्पताल ले जाते समय युवती ने दम तोड़ दिया। वारदात के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को जंगल से गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि राधिका राजवाड़े और रितेश राजवाड़े रविवार शाम नेहरू पार्क पहुंचे थे। दोनों के बीच बातचीत के दौरान किसी बात पर विवाद शुरू हुआ। शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला है कि आरोपी को युवती के किसी अन्य युवक से संपर्क रखने का शक था। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और उसने चाकू निकालकर हमला कर दिया।
घटना के बाद पार्क में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आरोपी मौके से बाइक लेकर फरार हो गया, जबकि स्थानीय लोगों ने घायल युवती को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत देखते हुए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, तकनीकी इनपुट और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी की तलाश की गई। लगातार सर्च ऑपरेशन के बाद पुलिस ने पीढ़ा क्षेत्र के यूकेलिप्टस जंगल से रितेश राजवाड़े को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने शक और प्रेम संबंध में चल रहे विवाद के चलते वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार की बरामदगी सहित अन्य साक्ष्य जुटा रही है। आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस घटना के बाद शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नेहरू पार्क में पर्याप्त रोशनी, सुरक्षा गार्ड और प्रभावी निगरानी की व्यवस्था नहीं है। लोगों ने पार्क में हाईमास्ट लाइट, अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे और नियमित पुलिस गश्त की मांग की है।





