
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के लेमरू थाना क्षेत्र में युवक और युवती की मौत का मामला सामने आया है। वनांचल ग्राम अरतेरा में दोनों के शव एक ही फंदे पर लटके मिले। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अब मौत की वजह और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
एक ही गांव के रहने वाले थे दोनों
मृतकों की पहचान मुकेश यादव (21) और मुनिता (18) के रूप में हुई है। दोनों अरतेरा गांव के रहने वाले थे और एक ही गांव में पले-बढ़े थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
प्रेम संबंध से जुड़ा होने की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच में मामला प्रेम संबंध से जुड़ा होने की आशंका जताई गई है। प्रारंभिक तौर पर यह भी आशंका सामने आई है कि प्रेम संबंध में असफलता के चलते दोनों ने पेड़ पर फांसी लगाकर जान दी होगी। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी स्थिति
लेमरू थाना प्रभारी लोकनाथ यादव पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पंचनामा कार्रवाई की। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता चल सकेगा।
