दुर्ग के उतई थाना क्षेत्र के गोडपेंडरी गांव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, युवक अपनी नानी के साथ दुर्ग से गरियाबंद जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगी रेलिंग से जा टकराई। बताया जा रहा है कि युवक को चलते समय झपकी आ गई थी, जिससे यह हादसा हो गया।
हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। उसके पैर में गंभीर चोट आई है, डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने मदद कर घायलों को अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन 108 एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंच सकी। काफी देर बाद 112 वाहन की मदद से दोनों को अस्पताल ले जाया गया। एंबुलेंस में देरी को लेकर लोगों में नाराजगी देखने को मिली और उन्होंने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
