

आईपीएल में खिलाड़ियों की ट्रेड को लेकर चर्चाएं तेज हैं। ऋषभ पंत और कुलदीप यादव की ट्रेड के बाद अब मुंबई इंडियंस (MI) के कप्तान हार्दिक पांड्या सुर्खियों में आ गए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हार्दिक को अपनी टीम में शामिल करने के लिए कई फ्रेंचाइज़ियां दिलचस्पी दिखा रही हैं। राजस्थान रॉयल्स के बाद अब कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) भी इस रेस में शामिल हो गई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, KKR ने हार्दिक पांड्या को सिर्फ टीम में शामिल करने की इच्छा ही नहीं जताई है, बल्कि उन्हें कप्तानी का ऑफर भी दिया है। बताया जा रहा है कि मुंबई इंडियंस और KKR के शीर्ष अधिकारियों के बीच इस संभावित ट्रेड को लेकर बातचीत शुरू हो चुकी है।
सूत्रों के मुताबिक, KKR पिछले सीजन के बाद से ही हार्दिक को अपने साथ जोड़ने की कोशिश कर रही है। टीम का मानना है कि हार्दिक की मौजूदगी से उन्हें एक अनुभवी कप्तान और बेहतरीन ऑलराउंडर मिल सकता है। पिछले दो सीजन में अजिंक्य रहाणे ने कप्तानी की, लेकिन टीम अब नए नेतृत्व की तलाश में नजर आ रही है।
रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि KKR ऑल-कैश डील पर विचार कर रही है। हालांकि, मुंबई इंडियंस खिलाड़ी के बदले खिलाड़ी की ट्रेड को प्राथमिकता दे सकती है। IPL नियमों के अनुसार, किसी भी ट्रेड को अंतिम रूप देने के लिए खिलाड़ी की सहमति जरूरी होती है।
दूसरी ओर, हार्दिक पांड्या को लेकर राजस्थान रॉयल्स का नाम भी चर्चा में है। खबरें हैं कि मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच हार्दिक पांड्या और यशस्वी जायसवाल की ट्रेड पर भी
विचार किया जा रहा है। अगर ऐसा होता है तो मुंबई को एक शानदार ओपनर मिलेगा, जबकि राजस्थान को अनुभवी ऑलराउंडर और कप्तानी का विकल्प मिल जाएगा।
फिलहाल हार्दिक पांड्या के भविष्य को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन IPL फैंस की नजरें अब इस बड़े ट्रेड ड्रामे पर टिकी हुई हैं।





