
Rajnandgaon Woman Murder Case: राजनांदगांव: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में पुलिस ने एक अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली है। घर में संदिग्ध हालत में मिली महिला की मौत का राज पोस्टमार्टम और जांच के बाद खुला। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतका के देवर को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है मामला?
ग्राम पेण्डरवानी में 28 वर्षीय तामेश्वरी साहू अपने घर में मृत मिली थीं। परिजन उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल पेण्ड्री ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शुरुआत में मौत संदिग्ध लग रही थी।
मामले की जांच के लिए तुमडीबोड़ चौकी और साइबर थाना पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई। घटनास्थल की वैज्ञानिक तरीके से जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि महिला की मौत गला घोंटने से हुई थी।
जांच में पता चला कि मृतका अपने देवर देवेन्द्र साहू को अक्सर काम नहीं करने और घर पर बैठे रहने को लेकर ताना देती थी। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने साड़ी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी देवेन्द्र साहू के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
