
खैरागढ़ के मशहूर होटल और मिठाई दुकान ‘मानव मंदिर’ में खराब मिठाई बेचने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। एक महिला ग्राहक ने मिठाई खराब होने का आरोप लगाते हुए होटल प्रबंधन पर बदसलूकी करने की शिकायत की है। मामले के सामने आने के बाद फूड सेफ्टी विभाग ने जांच शुरू कर दी है।
राज फैमली वार्ड निवासी प्रकृति सिंह ने बताया कि उन्होंने मानव मंदिर से आम और दूध से बनी मिठाई खरीदी थी। घर पहुंचकर जब मिठाई का डिब्बा खोला गया तो उसमें से तेज बदबू आ रही थी। मिठाई की हालत देखकर परिवार के लोग भी हैरान रह गए।
महिला का कहना है कि उन्होंने मिठाई को फ्रिज में रख दिया और अगले दिन शिकायत करने होटल पहुंचीं। आरोप है कि होटल प्रबंधन ने उनकी बात सुनने के बजाय उन्हें ही गलत ठहराना शुरू कर दिया। इसी बात को लेकर होटल में काफी देर तक बहस और हंगामे की स्थिति बनी रही।
मामले की सूचना मिलने पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने महिला द्वारा लाई गई मिठाई और होटल में रखे गए संबंधित खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं। अब लैब रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा कि मिठाई खराब थी या नहीं।
प्रकृति सिंह ने कहा कि वह अपने छोटे बच्चे को स्तनपान कराती हैं। ऐसे में अगर उन्होंने खराब मिठाई खा ली होती तो इसका असर बच्चे की सेहत पर भी पड़ सकता था। उन्होंने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर निगरानी को लेकर सवाल उठाए हैं।
खाद्य विशेषज्ञों के अनुसार गर्मी के मौसम में दूध और फल से बनी मिठाइयों को सही तापमान में रखना बेहद जरूरी होता है। थोड़ी सी लापरवाही से इनमें बैक्टीरिया तेजी से पनप सकते हैं, जिससे फूड पॉइजनिंग और अन्य स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं।
फिलहाल पूरे मामले में जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। घटना के बाद शहर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
