

उत्तर प्रदेश के आगरा में सामने आए इस हत्याकांड ने हर किसी को हैरान कर दिया है। मेरठ के चर्चित ‘नीला ड्रम कांड’ के बाद अब यह मामला भी पूरे देश में चर्चा का विषय बन गया है। आरोप है कि रूबी शर्मा ने पहले अपने पति सुरेंद्र शर्मा की हत्या की और फिर शव को घर के बाथरूम में दफना दिया। हैरानी की बात यह है कि अगले 46 दिनों तक वह उसी बाथरूम का इस्तेमाल करती रही।
पहले बनाई योजना, फिर हत्या
पुलिस के अनुसार, रूबी ने पति को खीर में 16 से ज्यादा नींद की गोलियां मिलाकर खिलाईं। मौत होने के बाद उसने खुद बाथरूम का फर्श तुड़वाया नहीं, बल्कि पहले फर्श तोड़ा, फिर शव को कमरे से घसीटकर वहां पहुंचाया। शव पर नमक और मिट्टी डालकर उसे छिपा दिया गया। अगले दिन राजमिस्त्री बुलाकर फर्श पर दोबारा प्लास्टर करा दिया गया, ताकि किसी को शक न हो।
खुद ही दर्ज कराई ‘गुमशुदगी’ जैसी कहानी
हत्या के बाद रूबी अपने जेठ के घर पहुंची और कहा कि उसका पति कई दिनों से घर नहीं लौटा है। उसने अनजान बनने की कोशिश की, लेकिन पुलिस को उसकी बातें शुरू से ही संदिग्ध लगीं। जांच अधिकारियों का मानना है कि इतनी बड़ी वारदात अकेले करना आसान नहीं है।
‘दृश्यम’ फिल्म से मिला आइडिया
पूछताछ में रूबी ने बताया कि शव छिपाने का तरीका उसे फिल्म दृश्यम से याद आया था। हालांकि पुलिस इस बयान की भी जांच कर रही है। मोबाइल की कॉल डिटेल, गूगल सर्च हिस्ट्री और परिवार के लोगों से पूछताछ के जरिए पूरे घटनाक्रम को जोड़ने की कोशिश की जा रही है।
ऐसे खुली हत्या की परत
साल 2017 के एक पुराने ट्रक चोरी के मामले में सत्यापन के लिए पुलिस रूबी के घर पहुंची थी। पति के बारे में पूछने पर उसने उन्हें लापता बताया। पुलिस के जाने के बाद वह घबरा गई और अपने जेठ को बुलाया। बातचीत के दौरान उसने खुद कबूल कर लिया कि उसने ही अपने पति की हत्या की थी।





