
मोहला-मानपुर। जिले के मानपुर ब्लॉक के औंधी (नवागांव) उप वन परिक्षेत्र के निडेली गांव में एक बार फिर बाघ की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। बाघ ने खेत के पास चर रहे एक बैल पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इलाज के बावजूद बैल की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार किसान दसरू राम खेत में जोताई कर रहे थे। इसी दौरान कुछ दूरी पर चर रहे उनके बैल पर बाघ ने अचानक हमला कर दिया। हमले के बाद बाघ जंगल की ओर भाग गया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच के दौरान बाघ के पगमार्क मिले।
घटना के बाद इलाके में गश्त कर रहे वनकर्मियों का भी बाघ से आमना-सामना हो गया। हालांकि सतर्कता बरतते हुए उन्होंने सुरक्षित स्थान पर पहुंचकर अपनी जान बचाई। वन विभाग ने मृत मवेशी को जंगल के पास रखकर आसपास ट्रैप कैमरे लगाए हैं, ताकि बाघ की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।
ग्रामीण शेर सिंह ने बताया कि उन्होंने खेत के पास एक पत्थर पर बैठे बाघ को बेहद करीब से देखा। उन्होंने कुत्तों और तेज आवाजों की मदद से उसे डराने की कोशिश की, जिसके बाद बाघ जंगल की ओर चला गया।
वन विभाग के अनुसार पिछले एक साल में औंधी क्षेत्र में बाघ कई बार दिखाई दे चुका है और मवेशियों पर हमले की यह कोई पहली घटना नहीं है। सिर्फ निडेली गांव के आसपास पिछले दो महीनों में यह तीसरा हमला है।
घटना की सूचना मिलने पर वन मंडलाधिकारी दिनेश पटेल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मृत मवेशी के मुआवजे की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही ग्रामीणों को जंगल के आसपास सतर्क रहने और अकेले न जाने की सलाह दी गई है। वन विभाग की टीम लगातार इलाके में गश्त कर रही है।
