मुंबई। पैपराजी को लेकर जया बच्चन (Jaya Bachchan) के विवादित बयान के बाद अब कॉमेडियन और एक्टर सुनील ग्रोवर (Sunil Grover) का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। लोग इसे जया बच्चन के बयान पर एक सटीक तंज के तौर पर देख रहे हैं।
दरअसल, द ग्रेट इंडियन कपिल शो (The Great Indian Kapil Show) के एक एपिसोड में अभिनेता कार्तिक आर्यन और अनन्या पांडे मेहमान बनकर पहुंचे थे। इसी दौरान सुनील ग्रोवर ने सुपरस्टार आमिर खान (Aamir Khan) की शानदार मिमिक्री की, जिसे देखकर दर्शक ठहाके लगाने लगे।
आमिर खान की मिमिक्री में पैप्स पर तंज
शो के दौरान सुनील ग्रोवर आमिर खान की बॉडी लैंग्वेज और अंदाज में पैपराजी को पोज देते नजर आए। इसी बीच उन्होंने एक पैपराजी से मजाकिया लहजे में कहा—
“कपड़े अच्छे पहने हुए हैं तुमने, पैंट अच्छी है आज।”
सुनील ग्रोवर का यह डायलॉग सुनते ही दर्शकों की हंसी छूट गई। हालांकि, सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे सीधे तौर पर जया बच्चन के पैपराजी वाले बयान से जोड़ दिया।
जया बच्चन के बयान से जुड़ा मामला
गौरतलब है कि कुछ समय पहले जया बच्चन ने मोजो स्टोरी को दिए एक इंटरव्यू में पैपराजी को लेकर नाराजगी जाहिर की थी। उन्होंने साफ शब्दों में कहा था कि पैप्स से उनका कोई रिश्ता नहीं है।
उन्होंने यह भी कहा था—
“ये कौन लोग हैं? क्या इन्हें इस देश के लोगों को रिप्रेजेंट करने के लिए ट्रेन किया गया है? आप इन्हें मीडिया कहते हैं? ये गंदे, टाइट पैंट पहनकर, हाथ में मोबाइल लेकर घूमते हैं और समझते हैं कि तस्वीर लेना उनका हक है।”
जया बच्चन का यह बयान उस वक्त काफी चर्चा और विवाद में रहा था।
