
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त 2026 को लाल किले से युवाओं के लिए कई बड़े ऐलान किए। उन्होंने कहा कि अगले एक साल में एक करोड़ युवाओं को AI स्किल्स की ट्रेनिंग देने का लक्ष्य रखा गया है। सरकार चाहती है कि भारतीय युवा AI के क्षेत्र में आगे बढ़ें और दुनिया में नेतृत्व करें।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी मदद
PM मोदी ने कहा कि अलग-अलग परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा 5 से 15 साल की उम्र के बच्चों में खेल प्रतिभा तलाशने के लिए गांवों और शहरों में देशव्यापी स्पोर्ट्स टैलेंट हंट अभियान चलाने की बात कही।
शिक्षा व्यवस्था में विस्तार का दावा
प्रधानमंत्री ने शिक्षा के क्षेत्र में हुए विस्तार का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद करीब 650 नए विश्वविद्यालय बने हैं और मेडिकल कॉलेजों की संख्या भी करीब 400 से बढ़कर लगभग 850 हो गई है। उन्होंने बताया कि विदेशी विश्वविद्यालयों को भी भारत में आने का रास्ता दिया गया है, ताकि युवा देश में रहकर विदेशी संस्थानों से डिग्री हासिल कर सकें।
छोटी उम्र से टेक्नोलॉजी पर जोर
PM मोदी ने कहा कि बच्चों में इनोवेशन और टेक्नोलॉजी की रुचि बढ़ाने के लिए देश में 10,000 से ज्यादा अटल टिंकरिंग लैब बनाई गई हैं। उन्होंने स्टार्टअप इंडिया का उदाहरण देते हुए कहा कि भारत में अब 2.5 लाख से ज्यादा रजिस्टर्ड स्टार्टअप हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि AI तेजी से दुनिया का हिस्सा बन रहा है और भारत के युवाओं को इस बदलाव में सिर्फ भागीदार नहीं, बल्कि नेतृत्व करने वाला बनाना सरकार का लक्ष्य है।
