
रायपुर। रक्षाबंधन के दिन रायपुर के महादेव घाट में एक दर्दनाक हादसा हो गया। बहन की अस्थियां विसर्जित करने पहुंचे 35 वर्षीय युवक युधिष्ठिर सारंग के खारुन नदी में डूबने की खबर है। बताया जा रहा है कि अस्थि विसर्जन के बाद नदी में नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और एनीकट के नीचे बने भंवर में फंस गया।
नहाने के दौरान हुआ हादसा
युधिष्ठिर सारंग रायपुरा के सतनामी पारा का रहने वाला था। वह अपने जीजा और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ अपनी बहन की अस्थियां विसर्जित करने महादेव घाट पहुंचा था। परिवार ने अस्थि विसर्जन की रस्म पूरी की। इसके बाद युधिष्ठिर नदी में नहाने के लिए उतर गया।
नदी में पानी का बहाव तेज बताया जा रहा है। नहाते समय युधिष्ठिर अचानक गहरे पानी में चला गया। इसी दौरान वह एनीकट के नीचे बने भंवर की चपेट में आ गया और पानी में डूब गया।
पुलिस और गोताखोरों ने शुरू किया रेस्क्यू
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम महादेव घाट पहुंची। गोताखोरों की मदद से खारुन नदी में युवक की तलाश शुरू की गई। काफी प्रयास के बाद भी अभी तक उसका पता नहीं चल पाया है। टीम नदी के आसपास के हिस्से में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।
बहन की अस्थियां विसर्जित करने आया था भाई
इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। परिवार बहन की अंतिम विदाई की रस्म पूरी करने महादेव घाट पहुंचा था, लेकिन कुछ ही देर बाद भाई के नदी में डूबने से वहां मातम पसर गया।
जानकारी के मुताबिक, युधिष्ठिर की बहन गीतेश्वरी की तबीयत खराब होने के कारण 25 अगस्त को मौत हुई थी। शुक्रवार को परिवार उसकी अस्थियां विसर्जित करने खारुन नदी के महादेव घाट पहुंचा था।
