
रायपुर। राजधानी के सेरीखेड़ी इलाके में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के बाहर एक पेड़ पर महिला और पुरुष के शव फंदे से लटके मिले। सूचना के बाद मंदिर हसौद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मृतकों की पहचान मेघराज साहू (32), पिता स्व. दम्मत राम साहू और नंदिनी ध्रुव (35), पति ललित ध्रुव, निवासी सेरीखेड़ी के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध होने की जानकारी सामने आई है।
रात में क्या हुआ, पुलिस कर रही पड़ताल
यह घटना सेरीखेड़ी के खदरहा भाठा इलाके की बताई जा रही है। पुलिस को दिए गए मर्ग इंटिमेशन के अनुसार, 17 अगस्त की रात करीब एक बजे से पहले यह घटना हुई। सुबह दोनों के शव गांव के बाहर खिन्नी के पेड़ पर एक साथ फंदे से लटके मिले।
मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास का निरीक्षण करने के बाद दोनों शवों को नीचे उतरवाया। इसके बाद मर्ग पंचनामा की कार्रवाई शुरू की गई।
शादीशुदा थी नंदिनी, पति से अलग रह रही थी
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि नंदिनी की शादी ललित ध्रुव से हुई थी। हालांकि, वह कुछ समय से अपने पति से अलग होकर मायके में रह रही थी। इसी दौरान उसकी मेघराज साहू से नजदीकी बढ़ी और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गया।
पुलिस के मुताबिक, दोनों एक-दूसरे के संपर्क में काफी समय से थे। अब घटना से पहले उनके बीच क्या हुआ था, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
मौत से पहले दोनों में हुआ था विवाद
जांच में एक अहम बात सामने आई है कि घटना वाली रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद दोनों की मौत कैसे हुई और क्या विवाद ही इस घटना की वजह बना, पुलिस इन सवालों के जवाब तलाश रही है।
फिलहाल विवाद की वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस दोनों के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और अन्य संभावित साक्ष्यों की जांच कर रही है।
FSL ने भी घटनास्थल की जांच की
घटना की सूचना के बाद मंदिर हसौद पुलिस के साथ एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। घटना से पहले दोनों कहां थे और उनके बीच क्या बातचीत हुई थी, इसकी जानकारी भी जुटाई जा रही है।
पोस्टमार्टम के बाद साफ होगी मौत की वजह
पुलिस ने दोनों शवों का मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के आधार पर मौत की परिस्थितियों को लेकर आगे की तस्वीर साफ होगी।
फिलहाल पुलिस प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या का मामला मानकर जांच कर रही है, लेकिन किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।
