
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में तेज रफ्तार कार के अनियंत्रित होकर फुटपाथ पर चढ़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना सिरगिट्टी थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। हादसे में सड़क किनारे मौजूद कई लोग बाल-बाल बच गए, जबकि कार को भी नुकसान पहुंचा।
बताया जा रहा है कि घटना करीब तीन दिन पुरानी है। बारिश के दौरान कुछ युवक-युवतियां कार से मेन रोड पर घूम रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार की रफ्तार तेज थी और वह लहराते हुए दुकान के पास फुटपाथ पर चढ़ गई। अचानक कार को अपनी ओर आता देख आसपास मौजूद लोगों ने भागकर खुद को बचाया।
हादसे के बाद कार में Kiss करते दिखे कपल
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान कार में बैठे युवक और युवती का एक-दूसरे को Kiss करते हुए वीडियो सामने आया है। स्थानीय लोगों ने जब कार सवारों से हादसे को लेकर बात करने की कोशिश की तो विवाद शुरू हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि कार में सवार युवक और उसके साथ मौजूद लोग नशे में थे और लोगों से बहस करते हुए दबंगई दिखाने लगे।
विरोध करने पर युवक की पिटाई, युवती को भी थप्पड़

विवाद बढ़ने के बाद कुछ लोगों ने कार सवार युवकों की पिटाई कर दी। इसी दौरान युवती भी कार से बाहर आई और युवक के पक्ष में लोगों से बहस करने लगी। इसके बाद भीड़ में मौजूद कुछ युवकों ने युवती को भी थप्पड़ मार दिया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना के दो अलग-अलग वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। एक वीडियो में कार के फुटपाथ पर चढ़ने के बाद कपल नजर आ रहा है, जबकि दूसरे वीडियो में सड़क पर कुछ लोग युवती और उसके साथ मौजूद युवकों से मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं।
फिलहाल इस मामले में किसी पक्ष की ओर से थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस के मुताबिक, वायरल वीडियो के आधार पर कार सवार लोगों की पहचान की जा रही है। पहचान और मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
