
Pune के चर्चित पोर्शे हादसे का मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में नाबालिग आरोपी का अग्रवाल परिवार जमानत मिलने की खुशी मनाता नजर आ रहा है। वीडियो में आरोपी के पिता विशाल अग्रवाल परिवार और रिश्तेदारों के साथ बॉलीवुड गानों पर डांस करते दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो में विशाल अग्रवाल के गले में नोटों और फूलों की माला भी दिख रही है। हालांकि, वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इसे लेकर सोशल media पर लोगों में काफी गुस्सा देखने को मिल रहा है। कई लोग इसे संवेदनहीनता बता रहे हैं।
बताया जा रहा है कि पोर्शे हादसे मामले में आरोपी के पिता विशाल अग्रवाल को 10 मार्च को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिली थी। इसी के बाद परिवार में जश्न मनाया गया। वायरल वीडियो में परिवार “बॉम्बे से आया मेरा दोस्त…” गाने पर डांस करता नजर आ रहा है।
हादसे में जान गंवाने वाली इंजीनियर अश्विनी के पिता सुरेश कोष्टा ने भी इस वीडियो पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि दो लोगों की मौत के बाद इस तरह का जश्न आम लोगों की भावनाओं का मजाक उड़ाने जैसा है।
दरअसल, 19 मई 2024 को पुणे के कल्याणी नगर इलाके में देर रात तेज रफ्तार पोर्शे कार चला रहे नाबालिग ने बाइक सवार दो इंजीनियरों को टक्कर मार दी थी, जिसमें दोनों की मौत हो गई थी। इस मामले में कोर्ट के शुरुआती फैसले को लेकर भी देशभर में विवाद हुआ था।
