

बिलासपुर। हिर्री थाना क्षेत्र के मुड़पार के पास मंगलवार को मजदूरों से भरा ट्रैक्टर पलटने से बड़ा हादसा हो गया। दुर्घटना में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, ट्रैक्टर में कुल 19 लोग सवार थे। सभी सकर्रा सरपंच के खेत में धान की रोपाई करने जा रहे थे। ट्रैक्टर मुड़पार निवासी चंद्रशेखर पटेल चला रहा था। आरोप है कि चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण मुड़पार के पास ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसे में बम्लेश्वरी निषाद और मथुरा निषाद की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही हिर्री थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। घायलों को अस्पताल भेजने के बाद पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। मामले में चालक की भूमिका और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।





