महासमुंद। जिले के आमगांव में जमीन विवाद ने ऐसा खौफनाक रूप ले लिया कि पूरा गांव सन्न रह गया। छोटे भाई ने गुस्से में आकर अपने ही बड़े भाई को घर के कमरे में बंद कर जिंदा जला दिया। घटना के वक्त मां भी सामने मौजूद थी, लेकिन वह कुछ नहीं कर सकी।
मिली जानकारी के मुताबिक, रायपुर निवासी 38 वर्षीय कृष्णकांत दुबे मंगलवार को अपनी पत्नी मालती साहू के साथ पैतृक गांव पहुंचे थे। घर में उनकी मां तीरथबाई और छोटा भाई दौलत दुबे रहते हैं। लंबे समय से दोनों भाइयों के बीच जमीन बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था।
बताया जा रहा है कि शाम को फिर इसी बात पर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि दोनों के बीच मारपीट हो गई। इस दौरान पहले डंडे और फिर हंसिए से हमला हुआ। झगड़े के बाद दौलत ने कृष्णकांत को धान-भरे कमरे में धकेलकर बाहर से दरवाजा बंद कर दिया।
इसके बाद उसने पेट्रोल लाकर कमरे में आग लगा दी। आग तेजी से फैल गई और अंदर फंसे कृष्णकांत की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मां और पत्नी ने बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घटना के दौरान आसपास के लोग भी जुटे, मगर कोई अंदर जाने की हिम्मत नहीं कर पाया।
सूचना मिलने पर बागबाहरा पुलिस मौके पर पहुंची और जले हुए शव को बाहर निकाला। पुलिस ने आरोपी दौलत दुबे को हिरासत में लेकर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
