बिलासपुर। चकरभाठा थाना क्षेत्र के बुंदेला गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। लव मैरिज के 5 साल बाद 23 वर्षीय जया सांडे की अचानक हुई मौत पर उसके परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से जांच की मांग की है।
अंतिम संस्कार के 10 दिन बाद पुलिस ने अधिकारियों की मौजूदगी में कब्र खोदकर शव बाहर निकाला है, ताकि पोस्टमार्टम से मौत की असली वजह सामने आ सके।
कैसे हुई घटना?
जया सांडे की शादी गांव के ही अर्जुन सांडे से प्रेम विवाह के रूप में हुई थी।
27 नवंबर को जया घर का काम कर रही थी, तभी उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। उसने ससुराल वालों को इसकी जानकारी दी और घर पर आराम करने लग गई। कुछ देर बाद जब घरवालों ने उसे देखा तो वह मृत पड़ी थी।
ससुराल पक्ष ने तुरंत गांव के लोगों और मायके वालों को इसकी सूचना दी। मायके पक्ष ने मौके पर पहुंचकर हंगामा किया और जया की मौत को संदिग्ध बताते हुए आरोप लगाए।
परिजनों ने लगाए हत्या के आरोप
मायके वालों ने स्थिति पर नाराज़गी जताते हुए ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए।
गांव के लोगों ने परिजनों को पुलिस में शिकायत करने की सलाह दी, जिसके बाद अंतिम संस्कार की अनुमति दी गई।
कफन-दफन के बाद परिजनों ने थाने जाकर हत्या का मामला दर्ज कराने की मांग की।
10 दिन बाद कब्र खोदी, पुलिस जांच तेज
शिकायत के बाद पुलिस ने मामला गंभीरता से लेते हुए एसडीएम आकांक्षा त्रिपाठी से अनुमति ली और राजस्व अधिकारियों की मौजूदगी में कब्र खुदवाई।
जया का शव निकाला गया, जिसे अब सिम्स अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
