दुर्ग-भिलाई न्यूज: दुर्ग जिले के कैलाश नगर (जामुल थाना क्षेत्र) में अज्ञात चोरों ने सूने घर को निशाना बनाते हुए करीब 1 लाख 80 हजार रुपए के सोने-चांदी के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घर में रहने वाले दोनों भाई परिवार के साथ शादी समारोह में शामिल होने बाहर गए हुए थे। वापसी पर जब उन्होंने मुख्य गेट देखा तो ताला कुल्हाड़ी से टूटा हुआ था। अंदर पहुंचकर दोनों की आंखें फटी की फटी रह गईं, घर का सामान बिखरा पड़ा था और आलमारियों के ताले टूटे हुए थे।
कुल्हाड़ी से तोड़कर घर में घुसे चोर
जानकारी के अनुसार चोर घर में घुसने के लिए कुल्हाड़ी (टंगिया) लेकर आए थे। पहले मुख्य गेट का ताला तोड़ा, फिर कमरों की आलमारियों के लॉक उखाड़कर कीमती सामान निकाल लिया। इतना ही नहीं चोरों ने बच्चों का गुल्लक फोड़कर भी पैसा निकाल लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पीड़ित परिवार पांच दिनों तक था बाहर
कैलाश नगर निवासी राहुल गुप्ता, जिनकी पावर हाउस सर्कुलर मार्केट में ओम परफ्यूम एंड अगरबत्ती नाम से दुकान है, 21 नवंबर की सुबह अपने भाई राजकुमार गुप्ता के साथ आरंग शादी समारोह में गए थे। पूरा परिवार पांच दिनों तक बाहर रहा। 26 नवंबर को सुबह करीब 10 बजे घर लौटने पर चोरी का खुलासा हुआ।
कहां से क्या-क्या चोरी हुआ? (लिस्ट)
राहुल गुप्ता के घर से चोरी
01 सोने की चैन
01 जोड़ी छोटे सोने के ईयरटॉप्स
01 जोड़ी बड़े सोने के ईयरटॉप्स
01 जोड़ी सोने का झुमका
09 चांदी के सिक्के
02 चांदी की चैन
₹40,000 नकद
राजकुमार गुप्ता के घर से चोरी
01 सोने की चैन
01 जोड़ी सोने के ईयरटॉप्स
04 नग सोने की फुल्ली
05 जोड़ी चांदी की पायल
₹80,000 नकद
सीसीटीवी में दिखे संदिग्ध
आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों में दो से ज्यादा संदिग्ध दिखाई दे रहे हैं। पुलिस फुटेज खंगाल रही है और मामले की जांच में जुटी है। राहुल गुप्ता की शिकायत पर जामुल थाना में अपराध दर्ज कर लिया गया है।
