
Jashpur Farmer Electrocuted: जशपुर। पत्थलगांव थाना क्षेत्र के जोराडोल गांव में घर की बिजली ठीक करना एक किसान के लिए जानलेवा साबित हो गया। बिजली लाइन सुधारने के दौरान ट्रांसफार्मर के पास करंट लगने से 41 वर्षीय किसान पुरुषोत्तम सिदार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, घर की बिजली में खराबी आने पर पुरुषोत्तम सिदार उसे ठीक करने के लिए ट्रांसफार्मर के पास पहुंचे थे। इसी दौरान वे अचानक करंट की चपेट में आ गए। आसपास के लोग जब तक उन्हें बचाने पहुंचते, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलते ही पत्थलगांव पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रारंभिक जांच में मौत की वजह करंट लगना सामने आई है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
