
Janjgir Champa Headmaster Case: जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से सरकारी स्कूल में हेड मास्टर की कथित अशोभनीय हरकत का मामला सामने आया है। पामगढ़ ब्लॉक के डोंगाकोहरौद शासकीय प्राथमिक शाला में पदस्थ हेड मास्टर पर आरोप है कि उन्होंने कक्षा के अंदर बच्चों के सामने पैंट उतार दी और छात्राओं को अपने पास बुलाने की कोशिश की। घटना के बाद स्कूल में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
बच्चों ने परिजनों को बताई पूरी घटना
जानकारी के अनुसार, घटना के समय चौथी और पांचवीं कक्षा के छात्र-छात्राएं स्कूल में मौजूद थे। आरोप है कि हेड मास्टर पढ़ाने के बजाय पैंट उतारकर कक्षा में बैठे थे और छात्राओं को अपने पास बुला रहे थे। उनकी इस हरकत से डरे बच्चों ने घर पहुंचकर पूरी घटना अपने परिजनों को बताई।
स्कूल पहुंचे परिजन, पुलिस को दी सूचना
बच्चों की शिकायत के बाद परिजन स्कूल पहुंचे। आरोप है कि उस समय हेड मास्टर केवल अंडरवियर में अपनी कुर्सी पर बैठे मिले। इसके बाद डायल-112 को सूचना दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को पामगढ़ थाने ले गई।
बयान के बाद दर्ज हुआ मामला
पामगढ़ थाने में छात्राओं और उनके परिजनों के बयान दर्ज किए गए। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने आरोपी हेड मास्टर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया। मामले की आगे की जांच जारी है।
कलेक्टर ने दिए जांच के निर्देश
घटना के सामने आने के बाद अभिभावकों में नाराजगी है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) को तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
