
Intern Doctors Stipend Protest Jagdalpur: जगदलपुर। डिमरापाल मेडिकल कॉलेज के इंटर्न डॉक्टरों ने मंगलवार को स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर एक दिवसीय हड़ताल की। डॉक्टरों ने काम बंद कर कॉलेज परिसर में धरना दिया, जिससे अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित रहीं।
इंटर्न डॉक्टरों की मांग है कि उनका मासिक स्टाइपेंड 16 हजार रुपये से बढ़ाकर 30 हजार रुपये किया जाए। उनका कहना है कि पड़ोसी राज्यों में इंटर्न डॉक्टरों को 40 से 45 हजार रुपये तक स्टाइपेंड मिलता है, जबकि छत्तीसगढ़ में उन्हें काफी कम राशि दी जा रही है।
डॉक्टरों ने बताया कि वे पहले भी स्वास्थ्य मंत्री को ज्ञापन सौंप चुके हैं, लेकिन अब तक मांगों पर कोई निर्णय नहीं लिया गया। हड़ताल के दौरान अस्पताल की व्यवस्था नियमित डॉक्टरों के भरोसे रही।
इंटर्न डॉक्टरों के धरने को जूनियर डॉक्टरों ने समर्थन दिया। वहीं कांग्रेस के स्थानीय पदाधिकारी भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे और राज्य सरकार से जल्द मांगें पूरी करने की अपील की।
