
दुर्ग। STF कॉलोनी में शनिवार सुबह एक खौफनाक घटना सामने आई। एक महिला ने आरक्षक ललितेश यादव के घर में घुसकर उनकी पत्नी और बच्चों पर चाकू से हमला कर दिया।
इस हमले में पत्नी रीना यादव और 9 साल के बेटे आदित्य की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बेटी तानिया गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज अस्पताल के ICU में चल रहा है। दूसरी बेटी नैना ने बाथरूम में छिपकर किसी तरह अपनी जान बचाई।
पुलिस ने आरोपी महिला सरोजनी भारद्वाज को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि ललितेश यादव की पोस्टिंग बीजापुर जिले में है, जबकि आरोपी महिला जांजगीर-चांपा जिले की रहने वाली है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच पहले से संबंध थे और महिला खुद को आरक्षक की दूसरी पत्नी बताती थी। जानकारी के मुताबिक, वह एक दिन पहले भी घर पहुंची थी, लेकिन तब उसे वापस भेज दिया गया था। इसके बाद शनिवार सुबह वह फिर आई और हमला कर दिया।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और हमले के पीछे की वजह का पता लगाया जा रहा है।
फेसबुक से शुरू हुई पहचान
बताया जा रहा है कि आरक्षक और आरोपी महिला की पहचान फेसबुक के जरिए हुई थी, जो बाद में रिश्ते में बदल गई। फिलहाल पुलिस इसी एंगल से मामले की जांच कर रही है।
