
बिलासपुर की एक युवती के लिए वैवाहिक वेबसाइट के जरिए हुई शादी दर्दनाक साबित हुई। शादी के बाद राजस्थान पहुंचे ही उसे ससुराल में प्रताड़ना और शोषण का सामना करना पड़ा। महिला ने अपने जेठ पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। वहीं, कुछ दिनों बाद उसके पति ने खुदकुशी कर ली। मामले में महिला थाना पुलिस ने आरोपी जेठ के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक बिलासपुर निवासी युवती की पहचान एक वैवाहिक वेबसाइट के जरिए राजस्थान के युवक से हुई थी। दोनों परिवारों की सहमति के बाद करीब एक साल पहले उज्जैन में दोनों की शादी हुई थी। शादी के बाद जब युवती ससुराल पहुंची तो उसे परिवार की कई सच्चाइयों का पता चला। महिला का आरोप है कि उसके जेठ ने अपनी पत्नी को मारपीट कर घर से निकाल दिया था और उसके पति पर भी धोखाधड़ी के मामले दर्ज थे।
पीड़िता ने बताया कि शादी के बाद से ही जेठ उस पर गलत नजर रखता था। इसी दौरान एक दिन मौका पाकर उसने दुष्कर्म किया। महिला ने जब इसकी जानकारी अपने पति को दी तो उसने बदनामी का डर दिखाकर चुप रहने के लिए कहा। इसके बाद भी ससुराल में प्रताड़ना और शोषण जारी रहा।
लगातार परेशान होकर महिला 25 अप्रैल को ससुराल छोड़कर किसी तरह बिलासपुर पहुंच गई और अपना मोबाइल बंद कर लिया। अगले दिन उसके पति ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई। इसी बीच 28 अप्रैल को जेठ ने मायके वालों को सूचना दी कि उसके पति ने खुदकुशी कर ली है।
घटना के बाद सदमे में रही पीड़िता ने कुछ दिन बाद महिला थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर शून्य पर अपराध दर्ज कर लिया है और मामला संबंधित क्षेत्र में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
