
रायपुर। बैंकिंग सेक्टर में आज कर्मचारियों और अधिकारियों के एक दिवसीय आंदोलन के चलते कई जगह कामकाज प्रभावित हुआ। रायपुर के मोतीबाग चौक स्थित PNB परिसर में बड़ी संख्या में बैंककर्मी जुटे और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। जगदलपुर में भी कर्मचारियों ने हड़ताल में हिस्सा लिया।
इस आंदोलन के पीछे कर्मचारियों की प्रमुख मांग सप्ताह में सिर्फ पांच दिन बैंक खोलने की है। बैंककर्मियों का कहना है कि लंबे समय से 5-डे बैंकिंग वीक लागू करने की मांग की जा रही है। इसके साथ ही PLI यानी Performance Linked Incentive में समानता की मांग भी आंदोलन का अहम हिस्सा है।
कर्मचारियों के मुताबिक, बैंकिंग क्षेत्र में पांच दिन काम और शनिवार-रविवार अवकाश की व्यवस्था होने से कर्मचारियों को बेहतर वर्क-लाइफ बैलेंस मिल सकेगा।
ग्राहकों को डिजिटल बैंकिंग इस्तेमाल करने की सलाह
हड़ताल में सरकारी और निजी क्षेत्र के करीब 28 बैंकों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल होने का दावा किया गया है। कर्मचारियों ने हड़ताल के दौरान बैंक शाखाओं से जुड़ी जरूरतों के लिए ग्राहकों को ATM, UPI और नेट बैंकिंग जैसी डिजिटल सुविधाओं का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।
सितंबर में फिर तीन दिन बंद रहेंगे बैंक
बैंक कर्मचारियों ने आगे के आंदोलन का भी ऐलान किया है। उनका कहना है कि अगर मौजूदा हड़ताल के बाद मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय हड़ताल की जाएगी।
इसके बावजूद समाधान नहीं निकलने पर आंदोलन को और बड़ा करने की चेतावनी दी गई है। कर्मचारियों के अनुसार, अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जा सकती है।
