
बलरामपुर। बलरामपुर जिले के भरूहीबांस पूर्व माध्यमिक शाला में पदस्थ प्रभारी प्रधान पाठक मनोज कुमार गुप्ता को महिला शिक्षिकाओं की शिकायत के बाद निलंबित कर दिया गया है। उन पर कार्यस्थल पर मानसिक प्रताड़ना, अभद्र व्यवहार और महिला शिक्षिकाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाले गंभीर आरोप लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, स्कूल की दो महिला शिक्षिकाओं ने 1 अगस्त को बलंगी चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। एक शिक्षिका ने आरोप लगाया कि वह अपने दुधमुंहे बच्चे को स्कूल लाती थीं और स्तनपान कराते समय प्रधान पाठक कथित रूप से छिपकर उन्हें देखते थे। इससे वह खुद को असुरक्षित महसूस करने लगीं।
वहीं दूसरी शिक्षिका ने आरोप लगाया कि मासिक धर्म के दौरान अवकाश मांगने पर प्रधान पाठक उनसे मेडिकल सर्टिफिकेट लाने की बात कहते थे। शिक्षिका का कहना है कि इस तरह की टिप्पणी उनकी गरिमा के खिलाफ थी और इससे उन्हें मानसिक रूप से परेशान होना पड़ा।
जिला शिक्षा अधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर सरगुजा संभाग के संभागीय संयुक्त संचालक ने मामले में कार्रवाई करते हुए मनोज कुमार गुप्ता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, शंकरगढ़ (जिला बलरामपुर-रामानुजगंज) निर्धारित किया गया है।

