
Bhaisbod Road Construction Delay: बालोद। भैसबोड़ गांव में सड़क निर्माण में हो रही देरी अब लोगों के सब्र की परीक्षा बन गई है। करीब एक साल तक काम शुरू नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने बुधवार को ऐसा विरोध किया, जिसने सबका ध्यान खींच लिया। लोगों ने अधूरी सड़क पर ही धान की रोपाई कर प्रशासन के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर किया। विरोध के दौरान ट्रैक्टर भी मौके पर लाया गया।
गांव के राम मंदिर से मड़ई चौक तक बनने वाली सड़क के लिए 16 लाख 15 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति 12 दिसंबर 2024 को मिली थी। इसके बाद 4 सितंबर 2025 को वर्क ऑर्डर जारी किया गया। नियम के मुताबिक सड़क तीन महीने में तैयार होनी थी, लेकिन आज तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका।
बारिश शुरू होने के बाद हालात और खराब हो गए हैं। कीचड़ और खराब रास्ते के कारण बच्चों का स्कूल पहुंचना मुश्किल हो गया है, वहीं बुजुर्गों और अन्य ग्रामीणों को रोजाना आवाजाही में परेशानी उठानी पड़ रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों की मांग के बाद सड़क की मंजूरी मिली थी। अब मंजूरी और वर्क ऑर्डर मिलने के बावजूद काम शुरू नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है।
