
भारतीय सेना प्रमुख उपेंद्र द्विवेदी ने पाकिस्तान को कड़ा संदेश देते हुए कहा है कि अगर वह आतंकवाद को समर्थन देना और भारत के खिलाफ साजिशें रचना बंद नहीं करता, तो उसे तय करना होगा कि उसे भूगोल का हिस्सा बने रहना है या इतिहास बन जाना है।
दिल्ली के मानेकशॉ सेंटर में आयोजित ‘यूनिफॉर्म अनवेल्ड’ कार्यक्रम के दौरान आर्मी चीफ ने साफ कहा कि भारत अब आतंकवाद पर चुप नहीं बैठेगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर ऑपरेशन सिंदूर जैसी स्थिति दोबारा बनी, तो भारतीय सेना पहले से भी ज्यादा ताकतवर जवाब देगी।
पाकिस्तान को नीति बदलने की नसीहत
जनरल द्विवेदी ने कहा कि पाकिस्तान को अपनी पुरानी रणनीति छोड़नी होगी। भारत की सुरक्षा और संप्रभुता से खिलवाड़ करने वालों को अब हर कदम का जवाब मिलेगा।
क्या था ऑपरेशन सिंदूर?
पिछले साल पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना ने 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था। इस कार्रवाई में पाकिस्तान में मौजूद कई आतंकी ठिकानों को निशाना बनाकर तबाह किया गया था।
इसके बाद दोनों देशों के बीच करीब 88 घंटे तक तनाव और सैन्य संघर्ष चला। आखिरकार 10 मई की शाम दोनों पक्षों के बीच समझौता होने के बाद हालात शांत हुए।
