
धमतरी। श्यामतराई गांव में एक महिला के अंतिम संस्कार को लेकर उस समय विवाद की स्थिति बन गई, जब परिजन शव को दफनाने की तैयारी कर रहे थे। ग्रामीणों ने इसका विरोध किया और श्मशान घाट की ओर जाने वाले रास्ते पर बांस लगाकर आवाजाही रोक दी।
ग्रामीणों का कहना था कि महिला लंबे समय से हिंदू परंपराओं का पालन नहीं कर रही थीं और रामपाल पंथ को मानती थीं। इसी आधार पर ग्रामीणों ने शव दफनाने पर आपत्ति जताई और हिंदू रीति-रिवाज से अंतिम संस्कार करने की मांग रखी।
विवाद बढ़ने की सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम गांव पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों और परिवार के सदस्यों से चर्चा कर मामला शांत कराने का प्रयास किया। काफी बातचीत के बाद परिवार ने शव का अंतिम संस्कार हिंदू रीति-रिवाज से करने पर सहमति जताई।
फिलहाल प्रशासन की मौजूदगी में स्थिति शांत है और गांव में किसी तरह के तनाव की सूचना नहीं है।
