
बैकुंठपुर। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में अवैध संबंध के शक में हुए विवाद के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने पत्नी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना चरचा थाना क्षेत्र के ग्राम तिलवन डांड के पिपरपारा की है।
पुलिस के अनुसार, महिला बबली को अपने पति जयवीर पर पड़ोस में रहने वाली एक विधवा महिला से संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका था।
ऐसे हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि 6 अगस्त को बबली राशन दुकान से लौट रही थी। उसे शक हुआ कि उसका पति पड़ोसन के घर में है। जब उसने घर के अंदर जाकर देखा तो जयवीर वहीं छिपा मिला। इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी और धक्का-मुक्की शुरू हो गई।
विवाद के दौरान बबली ने जयवीर को धक्का दिया, जिससे वह मुंह के बल पत्थर पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। पड़ोसियों की मदद से उसे घर लाया गया, लेकिन कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई।
फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार
सूचना मिलने पर चरचा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को हिरासत में ले लिया। पुलिस का कहना है कि मौत का सटीक कारण पोस्टमॉर्टम और फोरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
