
कांकेर। लारगांव मरकाटोला में बच्चों की सुरक्षा का मुद्दा अब बड़ा आंदोलन बन गया है। स्कूल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने शुक्रवार को स्कूल का मुख्य गेट बंद कर दिया और परिसर के बाहर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन के कारण स्कूल की पढ़ाई भी प्रभावित हुई।
ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल के चारों ओर बाउंड्रीवाल नहीं होने से जंगली जानवर कभी भी परिसर तक पहुंच सकते हैं। दो दिन पहले भालू के हमले में गांव के दो सगे भाई-बहन की मौत के बाद लोगों का डर और गुस्सा दोनों बढ़ गया है।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि स्कूल के चारों ओर जल्द बाउंड्रीवाल बनाई जाए, चार वन सुरक्षा गार्ड तैनात किए जाएं और गांव के आसपास घूम रहे भालुओं को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर भेजा जाए। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि गुरुवार रात एक भालू गांव में घुस गया था और एक घर में नुकसान पहुंचाया। उनका साफ कहना है कि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
