
Snake Bite Dhamtari: धमतरी। जिले के परेवाडीह गांव में जहरीले कॉमन करैत के काटने से एक युवक की मौत हो गई। घटना रविवार देर रात की बताई जा रही है। मृतक की पहचान विक्रम साहू के रूप में हुई है, जो दिव्यांग था और अपने घर में सो रहा था।
जानकारी के अनुसार, रात के दौरान बिस्तर में छिपे कॉमन करैत ने विक्रम साहू को डस लिया। सुबह तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया और फिर परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। बारिश के मौसम में सांप निकलने की घटनाएं बढ़ने से ग्रामीणों में चिंता भी बढ़ गई है।
विशेषज्ञों के अनुसार, कॉमन करैत का विष न्यूरोटॉक्सिक होता है, जो शरीर के नर्वस सिस्टम को प्रभावित करता है। इसके काटने पर कई बार शुरुआती दर्द या निशान स्पष्ट नहीं दिखते, जिससे इलाज में देरी होने का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे मामलों में तुरंत अस्पताल पहुंचना ही सबसे सुरक्षित उपाय माना जाता है।
