
सरगुजा: जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम रजपुरी कला में बंदरों के आतंक की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। बस्ती में घुसे एक जंगली बंदर ने पालने में सो रहे 5 माह के मासूम को उठाकर कुछ दूरी पर रखे पानी से भरे ड्रम में डाल दिया। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई, जबकि पूरे गांव में दहशत फैल गई।
जानकारी के अनुसार, जंगली बंदर के बस्ती में घुसते ही लोग डरकर अपने-अपने घरों में चले गए। इसी दौरान बंदर एक मकान में घुसा और पालने में सो रहे 5 माह के मासूम को उठा लिया। कुछ दूरी पर पहुंचने के बाद उसने बच्चे को पानी से भरे नीले ड्रम में डाल दिया।
परिजनों ने तुरंत बच्चे को ड्रम से बाहर निकाला और इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लखनपुर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घायल मासूम की पहचान त्रिशिका प्रजापति (5 माह), पिता सुदर्शन प्रजापति, निवासी ग्राम रजपुरी कला, लखनपुर के रूप में हुई है।
घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश और डर का माहौल है। लोगों ने वन विभाग से बंदर को जल्द पकड़ने और गांव में सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग की है।
