
कवर्धा। शहर के मजगांव रोड स्थित एक मकान में बुधवार को एक युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान आलोक दुबे के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आलोक दुबे पिछले चार साल से एक युवती के साथ रिलेशनशिप में था। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से दोनों के बीच किसी बात को लेकर अनबन चल रही थी, जिससे युवक मानसिक रूप से परेशान था। हालांकि, आत्महत्या के पीछे यही वजह है या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।
