
Surajpur Police Attack Case: सूरजपुर: प्रतापपुर थाना क्षेत्र के मदननगर गांव में पुलिस टीम पर हुए हमले के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। इस मामले में 15 लोगों को नामजद करते हुए 100 से 150 अन्य ग्रामीणों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। सभी पर पुलिस पर हमला करने और सरकारी काम में बाधा डालने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, 24 जुलाई को पुलिस एक पुराने मामले में पांच आरोपियों को पकड़ने गांव पहुंची थी। इसी दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और पुलिस टीम को घेर लिया। हालात इतने बिगड़ गए कि लाठी, फरसा और टंगिया से हमला कर दिया गया। इस घटना में SDOP समेत 24 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल हो गए।
घटना के बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच तेज कर दी है। आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
