

रायपुर। राजधानी में बुधवार को सियासी माहौल गरम रहने वाला है। भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। इसके तहत भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन तक मार्च निकालकर घेराव करेंगे।
पार्टी की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, सभी कार्यकर्ताओं को दोपहर 1:45 बजे तक शंकर नगर टर्निंग पॉइंट पर पहुंचने के लिए कहा गया है। यहीं से रैली शुरू होगी और कांग्रेस कार्यालय तक पहुंचेगी। भाजपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में शामिल होकर प्रदर्शन को सफल बनाने की अपील की है।
भाजपा का कहना है कि दिल्ली में राहुल गांधी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास के बाहर प्रदर्शन कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। इसी के विरोध में रायपुर में यह विरोध मार्च आयोजित किया जा रहा है। पार्टी का दावा है कि यह प्रदर्शन कांग्रेस की कार्यशैली के खिलाफ जनता की नाराजगी को दिखाने के लिए किया जा रहा है।





