

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक महिला से कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। कांकेर जिले की रहने वाली महिला बालोद-दल्ली राजहरा मुख्य मार्ग पर पर्यावरण पार्क के पास बेहोशी की हालत में मिली। सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार, महिला के बयान के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। शुरुआती जांच में तीन अज्ञात ट्रक चालकों पर घटना को अंजाम देने का संदेह जताया जा रहा है।
एडिशनल एसपी मोनिका ठाकुर ने बताया कि पीड़िता कांकेर जिले की रहने वाली है। महिला के बयान के आधार पर केस दर्ज कर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी जल्द गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है।





