

नई दिल्ली। सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक का जंतर-मंतर पर चल रहा भूख हड़ताल आंदोलन 19वें दिन भी जारी है। उनकी सेहत को लेकर लगातार चिंता जताई जा रही है। इस बीच टीवी अभिनेत्री श्वेता तिवारी ने सोनम वांगचुक का समर्थन करते हुए सोशल मीडिया पर अपनी बात रखी, लेकिन साथ ही कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए।
श्वेता तिवारी ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा कि सोनम वांगचुक शिक्षा और बच्चों के भविष्य जैसे अहम मुद्दे के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उनका मानना है कि सरकार को उनकी मांगों को गंभीरता से सुनना चाहिए और जल्द समाधान निकालना चाहिए।
हालांकि, श्वेता ने साफ किया कि उनका समर्थन केवल सोनम वांगचुक और उनके उद्देश्य के लिए है, न कि CJP के लिए। उन्होंने आरोप लगाया कि CJP, वांगचुक के आंदोलन का इस्तेमाल अपने राजनीतिक एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए कर रही है। श्वेता ने कहा कि वह इस तरह की राजनीति का समर्थन नहीं करतीं।

उन्होंने सरकार से अपील करते हुए कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन देश और शिक्षा के लिए काम करने वाले व्यक्ति की सेहत को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। उनका कहना है कि इस समय सबसे जरूरी है कि वांगचुक की स्वास्थ्य स्थिति पर ध्यान दिया जाए और उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल की जाए।
गौरतलब है कि सोनम वांगचुक और CJP, दोनों NEET परीक्षा में कथित गड़बड़ियों और पेपर लीक मामले को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। आंदोलन के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग की गई है। वहीं, वांगचुक के लंबे अनशन को देखते हुए कई लोग उनकी सेहत को लेकर चिंता जता रहे हैं और उनसे अनशन समाप्त करने की अपील भी कर रहे हैं।





