
सक्ती। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय (EMRS) सक्ती में कक्षा 9वीं के छात्र उमेश कंवर की संदिग्ध मौत के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। राष्ट्रीय आदिवासी छात्र शिक्षा समिति (NESTS) ने स्कूल के प्राचार्य मनोज गुप्ता को निलंबित कर दिया है।
जारी आदेश के अनुसार, प्राचार्य के खिलाफ केंद्रीय सिविल सेवा (CCS) नियम, 1965 के तहत कार्रवाई की गई है। निलंबन के दौरान उन्हें EMRS सोसायटी, नया रायपुर से संबद्ध किया गया है।
इधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए सक्ती कलेक्टर ने चार सदस्यीय जांच समिति बनाई है। समिति में एसडीएम, एसडीओपी, बीईओ और बीएमओ को शामिल किया गया है। एसडीएम को समिति का अध्यक्ष बनाया गया है और 7 दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
यह मामला ग्राम पलाड़ी खुर्द स्थित एकलव्य आदर्श बालक छात्रावास का है। मृतक छात्र उमेश कंवर, ग्राम बासिन का रहने वाला था और कक्षा 9वीं में पढ़ता था। गुरुवार सुबह छात्रावास के बाथरूम में वह फंदे से लटका मिला। स्कूल प्रबंधन उसे तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिजनों में नाराजगी है। उनका आरोप है कि स्कूल प्रबंधन की शिकायत पहले भी प्रशासन तक पहुंचाई गई थी। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। छात्र की मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच समिति की रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगी।
