

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक माह के बच्चे के अपहरण का मामला सामने आया है। सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर मासूम को सकुशल उसके परिवार को सौंप दिया।
पुलिस के अनुसार, बगीचा थाना क्षेत्र के मरंगीपाठ गांव की एक पहाड़ी कोरवा महिला अपने एक माह के बच्चे का इलाज कराने जिला अस्पताल जशपुर आई थी। अस्पताल में उसकी मुलाकात एक महिला से हुई, जिसने झाड़-फूंक से बच्चे को ठीक करने का दावा कर परिवार का भरोसा जीत लिया।
इसके बाद आरोपी महिला परिवार को बस स्टैंड ले गई। वहां उसने परिजनों को हड़िया पिलाई और फिर खाना खिलाने के लिए एक होटल में ले गई। इसी दौरान जब बच्चे के माता-पिता भोजन कर रहे थे, महिला मासूम को लेकर चुपचाप फरार हो गई।
बच्चा गायब होने का पता चलते ही परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और बस स्टैंड व आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आरोपी महिला की पहचान कर उसे बगीचा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। बच्चे को सुरक्षित बरामद कर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की आगे जांच कर रही है।






