
कोंडागांव। जिले के फरसगांव ब्लॉक के ग्राम कोटपाड में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। नाले में नहाने गए दो मासूम चचेरे भाइयों की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, 6 वर्षीय साजन पोयाम और 7 वर्षीय ऋषभ पोयाम बुधवार को गांव के नाले में नहाने गए थे। नहाते समय दोनों बच्चे गहरे पानी वाले गड्ढे में चले गए और डूब गए। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।
खोजबीन के दौरान नाले के किनारे बच्चों के कपड़े मिले, जिसके बाद ग्रामीणों ने पानी में तलाश शुरू की। रात करीब 8 बजे दोनों बच्चों के शव नाले से बाहर निकाले गए। सूचना मिलते ही बड़ेडोगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह हादसा इसलिए भी ज्यादा दर्दनाक है क्योंकि दोनों बच्चे अपने-अपने परिवार के इकलौते बेटे थे। ऋषभ अपने माता-पिता की अकेली संतान था, जबकि साजन की एक बड़ी बहन है और वह परिवार का इकलौता बेटा था। एक ही परिवार के दो मासूम बच्चों की असमय मौत से पूरे कोटपाड गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
