
बिहार की राजधानी Patna में चर्चित शिक्षक Khan Sir एक नए विवाद में घिर गए हैं। खबर है कि पुलिस उनकी तलाश कर रही है और इसी बीच वह कोर्ट पहुंच गए हैं। माना जा रहा है कि वह जल्द सरेंडर कर सकते हैं।
2 जून की रात उनके कोचिंग संस्थान में हुई तोड़फोड़ और फायरिंग के मामले में जांच के दौरान कई नए खुलासे हुए हैं। पुलिस के अनुसार यह विवाद दो कोचिंग संस्थानों के बीच का था। मामले में फायरिंग करने के आरोप में खान सर के दोनों बॉडीगार्ड पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं।उन्ही के बयान के आधार पर अब खान सर के खिलाफ केस दर्ज हुआ है।
इस नई एफआईआर दर्ज होने के बाद खान सर की मुश्किलें बढ़ गई हैं। शुक्रवार रात पुलिस उनके कोचिंग पहुंची, लेकिन वह वहां नहीं मिले। इस दौरान कोचिंग के बाहर छात्रों की भीड़ जमा हो गई, जिसे पुलिस ने हटाया।
पुलिस ने खान सर के खिलाफ हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। यदि आरोप साबित होते हैं तो उन्हें कड़ी सजा का सामना करना पड़ सकता है। फिलहाल सभी की नजर इस बात पर है कि खान सर गिरफ्तारी देंगे या कोर्ट में सरेंडर करेंगे।
