
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एसईसीएल गेवरा एरिया के पूर्व महाप्रबंधक अरुण कुमार त्यागी की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हाल ही में उन्हें निर्देशक तकनीकी (डीटी) पद पर प्रमोशन मिला था और वे नई जिम्मेदारी संभालने सिंगरौली जा रहे थे।
जानकारी के मुताबिक, बांगो थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे-130 पर चोटिया के पास उनकी कार आगे चल रहे पार्सल वाहन से टकरा गई। हादसा इतना जोरदार था कि अरुण त्यागी गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
सूचना मिलते ही बांगो पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
इस दुखद हादसे पर कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने शोक जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि अरुण कुमार त्यागी का अचानक निधन बेहद पीड़ादायक है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति और परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति दे।
