बलरामपुर: शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब बारात लेकर जा रही एक पिकअप हादसे का शिकार हो गई। वाड्रफनगर के अजगरा नाले के पास तेज रफ्तार पिकअप पेड़ से टकरा गई, जिससे मौके पर ही एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, छत्तीसगढ़ के इंजानी गांव से उत्तरप्रदेश के म्योरपुर बारात जा रही थी। पिकअप में कुल 7 लोग सवार थे। रास्ते में अचानक गाड़ी अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के बाद आसपास के लोगों और पुलिस ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां दो लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है। इस हादसे के बाद शादी का माहौल गम में बदल गया।
हर साल दोहराई जा रही गलती
शादी के सीजन में अक्सर लोग मालवाहक वाहनों में ही बारात ले जाते हैं, जो बेहद खतरनाक साबित हो रहा है। प्रशासन बार-बार चेतावनी देता है, लेकिन इसके बावजूद लोग लापरवाही बरतते हैं और ऐसे हादसे होते रहते हैं।
