मध्य प्रदेश के सीहोर जिले से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें धार्मिक आयोजन के दौरान नर्मदा नदी में बड़ी मात्रा में दूध बहाया जाता दिख रहा है। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो पातालेश्वर महादेव मंदिर का है, जहां 21 दिवसीय आयोजन के समापन पर करीब 11,000 लीटर दूध से अभिषेक किया गया।
ड्रोन से शूट किए गए इस वीडियो में टैंकर के जरिए दूध नदी में बहाया जाता नजर आ रहा है। हालांकि, वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
वीडियो सामने आने के बाद सोशल Media पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। कई यूजर्स ने इसे संसाधनों की बर्बादी बताया, तो कई ने नदी प्रदूषण का मुद्दा उठाया। कुछ लोगों ने मिड-डे मील में बच्चों को पतला दूध मिलने की तस्वीरों से इसकी तुलना कर सवाल खड़े किए हैं।
