Elephant attack Marwahi forest; गौरेला-पेंड्रा-मरवाही – मरवाही वन मंडल में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। शुक्रवार तड़के महुआ बीनने जंगल गए एक ग्रामीण की हाथी के हमले में मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम पंचायत पोंडी के डडिंया गांव निवासी 55 वर्षीय त्रिलोचन सिंह सुबह करीब 4 बजे महुआ बीनने जंगल गए थे। इसी दौरान उनका सामना एक दंतैल (अकेले) हाथी से हो गया। हाथी ने उन पर हमला कर दिया और कुचलने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि यह वही हाथी है जो 1 अप्रैल को कटघोरा के पसान क्षेत्र से निकला था। कुम्हारी रोड और सोन नदी पार करते हुए यह अब डडिंयाडोंगरी के जंगल तक पहुंच चुका है।
फिलहाल हाथी कक्ष क्रमांक 2093 के आसपास ही मौजूद है, जिससे आसपास के गांवों में डर का माहौल बना हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग, सरपंच और पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। यह इलाका मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की सीमा से लगा हुआ है, इसलिए सीमावर्ती गांवों में भी अलर्ट जारी किया गया है।वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि फिलहाल महुआ बीनने या लकड़ी लेने जंगल न जाएं और खासकर रात के समय सतर्क रहें।
