
Shehzad Poonawalla Resigns: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने निजी कारणों का हवाला देते हुए अपना इस्तीफा पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को सौंपा है। हालांकि, इस्तीफे की विस्तृत वजह अभी सामने नहीं आई है।
सूत्रों के अनुसार, शहजाद पूनावाला जल्द ही इस फैसले को लेकर आधिकारिक बयान जारी कर सकते हैं। लंबे समय से बीजेपी का पक्ष मजबूती से रखने वाले पूनावाला अपनी तीखी बहस और टीवी डिबेट्स में सक्रिय भूमिका के लिए जाने जाते हैं।
इस्तीफे की खबर के बाद सोशल मीडिया पर भी इसकी चर्चा तेज हो गई है। उनके X (पूर्व में ट्विटर) प्रोफाइल के बायो में अब बीजेपी का उल्लेख नहीं है। हालांकि, उन्होंने खुद को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आजीवन समर्थक बताया है। वहीं, इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर अभी भी उन्हें बीजेपी का राष्ट्रीय प्रवक्ता लिखा गया है।
कौन हैं शहजाद पूनावाला?(Who is Shehzad Poonawala?)
शहजाद पूनावाला पेशे से वकील और नागरिक अधिकार कार्यकर्ता हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत कांग्रेस से की थी। वर्ष 2017 में कांग्रेस के आंतरिक संगठनात्मक चुनावों पर सवाल उठाने के बाद वह चर्चा में आए। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस छोड़ दी और बीजेपी में शामिल हो गए।
बीजेपी में आने के बाद उन्हें राष्ट्रीय प्रवक्ता की जिम्मेदारी मिली और उन्होंने कई अहम राजनीतिक व सामाजिक मुद्दों पर पार्टी का पक्ष रखा। फिलहाल उनके इस्तीफे के पीछे की पूरी वजह सामने आना बाकी है और सभी की नजर उनके आधिकारिक बयान पर टिकी हुई है।
