
नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ का ट्रेलर गुरुवार सुबह रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया। ट्रेलर में रणबीर कपूर, यश, साई पल्लवी समेत सभी प्रमुख किरदारों की पहली झलक दिखाई गई। जहां एक तरफ कई लोगों ने फिल्म के विजुअल्स और स्केल की तारीफ की, वहीं दूसरी ओर कुछ किरदारों के लुक को लेकर इंटरनेट पर बहस शुरू हो गई।
सबसे ज्यादा चर्चा रकुल प्रीत सिंह के शूर्पणखा अवतार की रही। उनका ग्लैमरस लुक सामने आते ही सोशल मीडिया पर मीम्स की बाढ़ आ गई। कई यूजर्स ने उन्हें “आज की मॉडर्न शूर्पणखा” बताया, जबकि कुछ ने सवाल किया कि क्या त्रेता युग में शूर्पणखा का लुक इतना बोल्ड और ग्लैमरस हो सकता था। कुछ लोगों ने मजाक करते हुए रवि दुबे और उनकी पत्नी सरगुन मेहता का जिक्र किया और कहा कि शूर्पणखा बनीं रकुल प्रीत की शक्ल सरगुन से काफी मिलती-जुलती है।
विवाद सिर्फ शूर्पणखा तक सीमित नहीं रहा। कई यूजर्स ने माता सीता और कैकेयी के कॉस्ट्यूम पर भी सवाल उठाए। लोगों का कहना था कि साड़ियों का स्टाइल, रिवीलिंग ब्लाउज, हेयरस्टाइल और मेकअप आधुनिक दौर जैसे लग रहे हैं। कुछ ने पूछा कि क्या त्रेता युग में महिलाएं ऐसा पहनावा अपनाती थीं, जबकि कई यूजर्स ने इसकी तुलना एकता कपूर के टीवी सीरियल्स से कर दी।
हालांकि, आलोचनाओं के बीच ट्रेलर को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रियाएं भी देखने को मिलीं। कई दर्शकों ने विजुअल इफेक्ट्स, बैकग्राउंड स्कोर और भव्य प्रस्तुति की जमकर तारीफ की। वहीं कुछ लोगों का कहना था कि ट्रेलर में शूर्पणखा का किरदार काफी प्रभावशाली लगा और अब सभी की नजर फिल्म की रिलीज पर टिकी है।
फिलहाल, ‘रामायण’ का ट्रेलर सोशल मीडिया पर लगातार ट्रेंड कर रहा है, जहां तारीफ और ट्रोलिंग दोनों साथ-साथ देखने को मिल रही हैं।
