

राजधानी रायपुर के नकटी गांव में प्रस्तावित विधायक कॉलोनी को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। सोमवार को प्रशासन भारी पुलिस बल के साथ गांव पहुंचा। मौके पर बुलडोजर और जेसीबी भी तैनात की गईं। प्रशासन ने शासकीय जमीन से अतिक्रमण हटाने और प्रभावित परिवारों को मकान खाली कराने की प्रक्रिया शुरू की, जिससे पूरे गांव में तनाव का माहौल बन गया।
कार्रवाई की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण अपने घरों के बाहर जमा हो गए और विरोध शुरू कर दिया। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए इलाके में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई शासकीय जमीन से अतिक्रमण हटाने के लिए की जा रही है, जबकि ग्रामीणों का कहना है कि वे वर्षों से यहां रह रहे हैं और पहले पुनर्वास की व्यवस्था की जाए।
इसी बीच धरसींवा विधायक अनुज शर्मा ने ग्रामीणों के नाम एक वीडियो संदेश जारी किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की चिंता उनकी भी चिंता है और किसी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। विधायक ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन और सरकार से चर्चा कर उचित समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।
गौरतलब है कि नकटी गांव में विधायक आवासीय कॉलोनी बनाने की योजना को लेकर पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा है। प्रशासन की कार्रवाई और ग्रामीणों के विरोध के बीच अब सभी की नजर सरकार के अगले कदम और इस मामले के समाधान पर टिकी हुई है।





